देहरादून-देहरादून में रविवार को कोविड कर्फ्यू के दूसरे दिन सड़कों पर पुलिस सख्ती नज़र आयी। घरों से बेवजह बाहर निकलने वालों के खिलाफ पुलिस ने चालानी कार्रवाई की। राजधानी के प्रमुख चौराहों में रविवार सुबह से ही भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया था। लोगों को घरों के अंदर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
विकासनगर की ओर से शहर में आ रही गाड़ियों को प्रेमनगर में पुलिस रोक रही है। यहां थाने के बाहर बैरियर लगाकर लोगों से आने का कारण पूछा जा रहा है। बेवजह आ रहे लोगों का चालान किया जा रहा है। कई लोग वापस भी जा रहे हैं। यहां थाने के सामने से प्रेम नगर बाजार तक वाहनों की लंबी लाइन लगी है। पुलिस-प्रशासन ने चेतावनी दी कि बेवजह घरों से निकलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ ही मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
बता दें कि शनिवार और रविवार को पब्लिक कर्फ्यू के दौरान देहरादून नगर निगम और छावनी क्षेत्रों में इस दौरान आवाजाही और बाजार खुलने पर प्रतिबंध रहेगा। इमरजेंसी होने पर ही लोगों को घरों से बाहर निकलने की छूट दी गई है। देहरादून में कोरोना तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। देहरादून के डीएं डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस दौरान कर्फ्यू से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए एसडीएम अपने-अपने सर्किल के सीओ से समनव्य बनाकर कार्रवाई करेंगे। वहीं राजस्व विभाग अन्य अधिकारी गश्त पर रहेंगे। पुलिस बैरियर बनाकर अनावश्यक निकलने वाले लोगों के चालान करेंगे।
पब्लिक कर्फ्यू में रेस्टोरेंट बंद रहेंगे। हालांकि, वह किचन खोलकर ऑनलाइन डिलीवरी कर सकेंगे। इसकी छूट कर्फ्यू के आदेश में दी गई है।



