मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जैविक खेती में अपार सम्भावनाएं मौजूद हैं। इसे अपनाने से प्रधानमंत्री के किसानों की आय को दोगुना करने के संकल्प को साकार करने में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा दिए जाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोग ऑर्गेनिक कृषि उत्पादों के उपयोग को वरीयता प्रदान कर रहे हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कृषि उत्पाद को ऑर्गेनिक प्रमाणित करने की विकेन्द्रित व्यवस्था का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी मण्डलों में ऑर्गेनिक कृषि उत्पाद प्रमाणित करने वाली प्रयोगशालाओं स्थापना का काम तेज किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट तथा ब्लैक राइस की खेती ने देश व दुनिया को नया सन्देश दिया है। झांसी में स्ट्रॉबेरी महोत्सव की तर्ज पर प्रदेश में ड्रैगन फ्रूट महोत्सव का आयोजन किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ज्यादा से ज्यादा किसानों को एमएसपी का लाभ उपलब्ध कराने के लिए शुरू से ही प्रयासरत रही है। वर्तमान समय में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत धान की खरीद तेजी से संचालित की जा रही है। उन्होंने क्रय किये गए धान के सुरक्षित भण्डारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करनेे के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खरीद वर्ष 2021-22 में गेहूं क्रय की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से की जाएं।