
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लव जिहाद को रोकने के लिए कड़ा कानून लाने की बात कह चुके हैं। कानून का मसौदा भी तैयार हो गया है। इसे आज यानी मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक में विचार के लिए पेश किया जाएगा. ऐसी उम्मीद है कि योगी कैबिनेट लव जिहाद कानून के ड्रॉफ्ट पर आज अपनी मुहर लगा देगी। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का इस बारे में कहना है कि लव जिहाद के खिलाफ सख्त कानून इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने में कारगर सिद्ध होगा।
मौर्या ने कहा, “आज कैबिनेट में प्रस्तावित है कि यह विषय (लव जिहाद कानून ड्रॉफ्ट) आएगा। धोखा और प्रपंच करके या नाम छिपाकर विशेष तौर पर हिंदू लड़कियों को निशाना बनाने की प्रदेश और देश में जो घटनाएं हुई हैं, वह गलत हैं। इस प्रकार से कोई साजिश करता है, छल करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. इसके लिए दंड का प्रावधान होना चाहिए. इस तरह की घटनाओं का अध्ययन करने के बाद ही यह विषय सरकार के संज्ञान में आया है। कैबिनेट में लव जिहाद कानून के ड्रॉफ्ट पर मुहर लगने के बाद इसे विधानमंडल में प्रस्तुत किया जाएगा।
