
देहरादून। उत्तराखंड राज्य का 21वां स्थापना दिवस पर राजधानी देहरादून और सभी जिला मुख्यालयों पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। देहरादून के पुलिस लाइन में राज्य स्थापना परेड होगी। राज्यपाल बेबीरानी मौर्य कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी और पुलिस परेड की सलामी लेंगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यहां से वे ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) जाएंगे। दोनों कार्यक्रमों में वह प्रदेशवासियों को कुछ बड़े तोहफे दे सकते हैं।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री बंदर बाड़े बनाने, कर्मचारियों को दीवाली बोनस देने, जिला प्राधिकरण के संबंध में अहम घोषणाएं कर सकते हैं। स्मार्ट राशन कार्ड और परिवहन सेवाओं की आनलाइन कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री घोषणा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री गैरसैंण में मिनी सचिवालय की आधारशिला भी रखेंगे।
सोमवार को मुख्यमंत्री शहीद स्मारक जाएंगे। जिला प्रशासन की देखरेख में यह कार्यक्रम होगा। यहां राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन में राज्य स्थापना परेड में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह विकास पुस्तिका का विमोचन करेंगे। कार्यक्रम में पुलिस बल की ओर से साहसिक करतब दिखाए जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण(भराड़ीसैंण) के लिए रवाना हो जाएंगे। सामाजिक दूरी का होगा पालन समारोह में करोना महामारी की रोकथाम के जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम सामाजिक दूरी और अतिथियों की संख्या को सीमित रखा गया है।
गैरसैंण में आईटीबीपी व पुलिस बल करेगी परेड सोमवार को गैरसैंण पहुंचकर मुख्यमंत्री भराड़ीसैंण में आईटीबीपी एवं पुलिस बल की परेड की सलामी लेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कुछ घोषणाएं करेंगे। 10 नवंबर को मुख्यमंत्री गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में स्थानीय भ्रमण के तहत वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जी की दूधातोली स्थित समाधि में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। फिर गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में विभिन्न विभागों के लोकार्पण व शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे।



