सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर हैं। अपनी यात्रा के दूसरे दिन सेना प्रमुख आज पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में आगे के स्थानों की यात्रा पर हैं। सेना के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सेना प्रमुख वहां ग्राउंड सैनिकों के साथ बातचीत भी करेंगे। चीन के साथ तनाव के बीच मंगलवार को सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे लद्दाख पहुंचे। वह सबसे पहले लेह स्थित सैनिक अस्पताल पहुंचे जहां घायल जवानों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में सैन्य कमांडरों के कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के बाद वह लेह के लिए रवाना हुए थे। सेना प्रमुख आज ग्राउंड कमांडरों के साथ गतिरोध पर चर्चा करेंगे और फॉरवर्ड स्थानों का भी दौरा करेंगे। गलवां घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद सेना प्रमुख पहली बार लद्दाख पहुंचे हैं। इससे पहले वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने रविवार को लद्दाख का दौरा किया था। बता दें कि लद्दाख में हुई हिंसा में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे।
