देहरादून- प्रदेश में आज अधिकतर इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। राजधानी देहरादून सहित ज्यादातर क्षेत्रों रुक-रुक कर बारिश जारी है। देहरादून, बागेश्वर, काशीपुर, रामनगर, पिथौरागढ़, लोहाघाट, अल्मोड़ा में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान पूरे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मानसून पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके चलते आज देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 26 जून तक ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। 25 जून को नैनीताल, पिथौरागढ़ और देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर में चुनिंदा स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
