देहरादून- फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में सामने आईं धांधली को लेकर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपे गये ज्ञापन में कहा है कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में अकंठ डूबी हुई है। भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस का दावा करने वाली सरकार में रोज नये घोटाले सामने आ रहे है। 100 दिन के अन्दर लोकायुक्त लाने वाली सरकार 3 वर्षो में भी लोकायुक्त नहीं लायी है। जहंा एक ओर प्रदेश का जनमानस बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है वहीं भाजपा सरकार में प्रत्येक विभाग भ्रष्टाचार में पूरी तरह लिप्त है। राज्य सरकार एनएच 74 मामले में न केवल बैकफुट पर है बल्कि इस जांच में दोषी पाये गये अधिकारियों के निलम्बन को भी बहाल कर चुकी है। एनआरएचएम घोटाला, छात्रवृत्ति घोटाला, सिडकुल घोटाले सहित अन्य घोटालों के आडियो विडियो सोशल मीडिया में छाये हुए है। स्थानान्तरण एक्ट की आड़ में जिस प्रकार का भ्रष्टाचार हुआ है वह किसी से छिपा नहीं है। कहा गया है कि भ्रष्टाचार एंव धांधली का ताजा तरीन मामला अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित फोरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में सामने आया है जिसमें परीक्षा केन्द्र के भीतर परीक्षार्थी द्वारा मोबाइल फोन से ओएमआर सीटी की फोटो खींच कर सार्वजनिक की गयी थी जिससे स्पष्ठ होता है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों में मोबाइल ले जाने की छूट दी गयी थी जो परीक्षा की निष्पक्षता पर प्रश्न चिन्ह लगाता है। इस परीक्षा की उच्च स्तरीय न्यायायिक जांच कराना अति आवश्यक है और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए।


