काशीपुर- काशीपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। शव को देखते ही आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की हत्या की खबर आसपास के लोगों में इस कदर फैल गई कि लोगों का हुजूम मौके पर उमड़ पड़ा। बता दें कि काशीपुर की खालिद कालोनी में लोगों ने आज सुबह एक शव को पड़ा हुआ देखा था। लोगों ने मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव की शिनाख्त शुरू कर दी। शिनाख्त के दौरान युवक की पहचान काशीपुर के अली खान निवासी रासिम के रूप में हुई। छानबीन के दौरान प्रथम दृष्टया पता चला कि युवक की हत्या गला रेतकर की गई है। जिससे युवक के गले के साथ शरीर पर कई जगह चोट के निशान बने हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं आसपास के लोगों का यह भी कहना है कि मृतक नशे का बड़ा कारोबार करता था। एएसपी राजेश भट्ट ने बताया कि पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और नशे का मामला भी पुलिस के सामने आया है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे को खंगाल कर जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।



