टिहरी- टिहरी में गुरुवार को देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। अलमस-नगुण-भवान मार्ग पर बान्सी बैण्ड के पास एक दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की होने के कारण इसका पता काफी देर बाद लगा। थत्यूड़ क्षेत्र की 108 एम्बुलेंस किसी मरीज को हायर सेन्टर छोड़कर रात करीब 12.30 बजे वापस लौट रही थी। तभी बान्सी बैण्ड के पास उन्हें खाई मे कुछ लाइट जलती दिखाई दी।
इसके बाद 108 कर्मियों ने पास जाकर देखा तो कार दिखाई दी। कर्मचारियों ने इसकी सूचना थत्यूड़ थाना पुलिस को दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों व घायल व्यक्ति को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाल कर सीएचसी थत्यूड़ में भर्ती कराया। लेकिन इससे पहले ही दो युवकों विनय दहिया पुत्र दिनेश दहिया निवासी इंद्रा कालोनी दिल्ली और कुनाल पुत्र नरेंद्र खत्री नरेला दिल्ली की मौत हो चुकी थी। वहीं घायल व्यक्ति बिल्ली दहिया उम्र 19 वर्ष की हालत गम्भीर होने के चलते उसे देहरादून के लिए रेफर किया गया है।



