हल्द्वानी- हल्द्वानी में व्यवसायी भूपेंद्र चंद्र पांडे उर्फ भुप्पी की हत्या के बाद आज लोगों ने उनका शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। लोग और मृतक के परिजन एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव से कोतवाल विक्रम राठौड़ के निलंबन और आरोपी गौरव गुप्ता की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस की ढिलाई से हमलावरों के हौसले बुलंद हो गए। लोगों का आरोप था कि यदि पुलिस समय से कार्रवाई करती तो भुप्पी पांडे की जान बच सकती थी। बता दें हल्द्वानी शहर के बीचों बीच स्थित सिंधी चौराहे पर दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट हुई और एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या भी उस समय हुई जब चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद थे।



