Thursday, February 26, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड उत्तराखंड में तीसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी, पड़...

उत्तराखंड में तीसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी, पड़ रही ठिठुरने वाली सर्दी…..

देहरादून- लगातार तीसरे दिन यानी आज भी उत्तराखंड में मौसम खराब बना हुआ है। यहां बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के कारण कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। चारधाम की वादियां बर्फ के आगोश में हैं। औली में भी भारी बर्फबारी हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण उत्तराखंड के सभी इलाके ठंड की चपेट में आ गए हैं। राजधानी देहरादून में आज तड़के से बारिश जारी है। लोगों को सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। भारी बर्फबारी की वजह से गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गया है। यमुनोत्री मार्ग सुचारू है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब बर्फ से ढक गए हैं। वहीं पर्यटक नगरी मसूरी में बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। नैनीताल में बारिश और ओलावृष्टि ने ठंड बढ़ा दी है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में भी भारी बर्फबारी होने की खबर है।कर्णप्रयाग, गौचर, आदिबदरी, गैरसैंण, नारायणबगड़, थराली, देवाल में बुधवार रात 8.30 से लगातार बारिश जारी रहने से ठंड़ बढ़ गई है। वेदनी बुग्याल सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो रहा है। बारिश से बाजारों में भीड़भाड़ कम है।
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के चार जिलों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देहरादून सहित पांच जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। बुधवार को दिनभर प्रदेशभर में बादल छाए रहे। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई तो दून में दिनभर ठंडी हवाओं ने पारा गिरा दिया। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि देहरादून, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिले में ओले पड़ सकते हैं। इसके अलावा अनेक स्थानों पर हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की वजह से तापमान में और गिरावट आ सकती है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2