देहरादून- नगर निगम की ओर से आज देहरादून में 50 किलोमीटर मानव श्रृंखला बनाकर पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाने का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पॉलिथीन के खिलाफ मानव श्रृंखला की शुरुआत की। मियां वाला चौक से मुख्यमंत्री, मेयर सुनील उनियाल गामा और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मानव श्रृंखला का हिस्सा बने।
इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह अनोखा अभियान है। इस अभियान में एक लाख लोगों ने हिस्सा लिया है। पीएम मोदी देश को प्लास्टिक मुक्त बनाना चाहते हैं। उनके आह्वान पर उत्तराखंड में भी अभियान की शुरूआत की गई है। अभियान में स्कूली बच्चे, सरकारी अधिकारी और पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। मानव श्रृंखला मियांवाला चौक से विवेकानंद स्कूल जोगीवाला, लक्ष्मी नारायण मंदिर धर्मपुर, बहल चौक, गोयल प्लाजा राजपुर रोड, घंटाघर , वाडिया हिमालयी भूविज्ञान संस्थान, हनुमान मंदिर बनाई गई। वहीं, सहारनपुर रोड से तहसील चौक, नगर निगम कार्यालय, तक श्रृंखला बनाकर प्लास्टिक मुक्त दून का संदेश दिया गया।
पांच घंटे डायवर्ट रहे वाहन
मानव शृंखला के चलते शहर की तरफ आने वाले यातायात को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक डायवर्ट किया गया। धूलकोट तिराहा, हनुमान मंदिर, झाझरा, प्रेमनगर, टी स्टेट, भानियावाला तिराहा, थानो रोड पीएनबी तिराहा, डोईवाला थाने के समीप दूधली मार्ग, कुठाल गेट, साईं मंदिर, कारगी चौक, काठ बंगला, धोरण पुलिया, आईटी पार्क, पुलिया नंबर छह, महाराणा प्रताप चौक।
ऑटो-विक्रम भी रहे बंद
सिटी पेट्रोल यूनिट के प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि मानव शृंखला के दौरान शहर में चलने विक्रम, ऑटो, रिक्शा, सिटी बस और व्यावसायिक वाहन सुबह सात बजे से लेकर एक बजे तक मानव शृंखला रूट पर पूरी तरह बंद रहे।



