देहरादून- पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज सुबह आठ बजे से शुरू हो गया है। सुबह से ही लोग वोट देने के लिए लाइन में लग गए। आज देहरादून जिले के कालसी और सहसपुर विकासखंड क्षेत्र की पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हो गया है और शाम पांच बजे तक चलेगा। मतदान के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिले से लगती हुई सीमाओं पर चैकसी बढ़ाई गई है। चमोली जिले में कर्णप्रयाग, गैरसैंण, पोखरी व गैरसैंण विकासखंड में मतदान जारी है। कोटद्वार जिले के पांच विकासखंडों दुगड्डा, द्वारीखाल, जहरीखाल, एकेश्वर एवं यमकेश्वर में मतदान शांतिपूर्वक जारी है। कोटद्वार के जीजीआईसी दुगड्डा में शांतिपूर्वक और धीमी गति से मतदान जारी है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के गांव खैरसैण में भी आज मतदान हो रहा है। रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली ब्लॉक में पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी। यहां शुरुआती डेढ़ घंटे में 10 से 12 फिसदी मतदान होने की सूचना है।
काशीपुर के ग्राम पैगा के प्राथमिक विद्यालय और सुल्तानपुर पट्टी में ग्रामीण मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। गुलड़िया की प्राइमरी पाठशाला के मतदान जारी है। कुंडेश्वरी के किसान इंटर कॉलेज में मतदान हो रहा है। गंगोलीहाट के भंडारीगांव और जजौली बूथ में मतदान चल रहा है। यहां पहले घंटे में पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं मतदान में आगे रहीं। लोहाघाट और बाराकोट ब्लॉक में मतदान जारी है। यहां सुई बूथ में मतदान के लिये लोेंगों की लंबी लाइन लगी है। वहीं लोहाघाट के कालिगांव बूथ में सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां 10 बजे तक किसी ने मतदान नहीं किया । बताया गया कि कूड़े के विरोध में ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी थी। यहां केवल जिला पंचायत के लिए मतदान होना है। प्रधान और बीडीसी सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।



