देहरादून- सिखों के प्रसिद्ध तीर्थ हेमकुंड साहिब और हिंदुओं की आस्था के केंद्र लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस अवसर पर सात हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित थे। इस यात्रा सीजन में 2.83 लाख से ज्यादा श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे। चमोली जिले में समुद्रतल से 15225 फीट की ऊंचाई पर स्थित हिमालय के पांचवें धाम हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट गुरुवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। हेमकुंड साहिब के कपाट दोपहर दो बजे तो लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट दोपहर 12 बजे बंद किए गए।
गुरुद्वारा के कपाट बंद किए जाने से पूर्व सुबह हुकुमनामा का पाठ हुआ। इसके बाद सबद-कीर्तन व अरदास हुई। फिर दोपहर 12.30 बजे अंतिम अरदास के उपरांत पंज प्यारों की अगुआई में गुरुग्रंथ साहिब को दरबार साहिब से बाहर लाया गया। कपाट बंदी के मौके पर सरदार जनक सिंह व सरदार कुलवंत सिंह के जत्थों के साथ सात हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे। बता दें श्री हेमकुंड साहिब में इस बार रिकॉर्ड 2.80 लाख श्रद्धालुओं मत्था टेका। वर्ष 2013 की आपदा के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे।
