देहरादून- उत्तराखंड के सात जिलों में अगले चार दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके चलते मैदान के निचले इलाकों में बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन भी हो सकता है। जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 19 अगस्त तक राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के सात जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और पौड़ी में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश का अनुमान है। विभाग ने इस दौरान मैदानी क्षेत्रों के निचले इलाके में बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा जताया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने राज्य सरकार को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों और मैदानी क्षेत्रों के निचले इलाकों में रहने वालों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।



