देहरादून- उधमसिंहनगर के रूद्रपुर में चलाये जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान रूद्रपुर सब्जी मण्डी में व्यापारियों की दुकानें अवैध तरीके से तोडे जाने तथा कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ पर लगाये गये झूठे मुकदमों के विरोध में देहरादून महानगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में त्रिवेंद्र सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा उच्च न्यायालय के आदेशों की आड़ में अतिक्रमण विरोधी अभियान के नाम पर रूद्रपुर सब्जी मण्डी में व्यापारियों के निर्माण ध्वस्त कर उनकी रोजी-रोटी पर लात मारने का काम किया जा रहा है जिसका कांग्रेस विरोध करती है। जिस प्रकार रूद्रपुर प्रशासन ने तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाते हुए छोट-छोटे व्यापारियों की दुकानों को जबरन ध्वस्त कर दिया उससे भाजपा का गरीब एवं व्यापारी विरोधी चेहरा बेनकाब होता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। स्थानीय प्रशासन द्वारा इस कार्रवाई का विरोध करने पर व्यापारियों पर लाठी चार्ज किया गया और व्यापारियों का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड जब प्रशासन की इस कार्रवाई का शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठकर विरोध करने लगे तो उन पर झूठे मुकदमे लाद दिये गये हैं। पुतला दहन करने वालों में अनुशासन समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिह, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रवक्ता डा आरपी रतूडी, महामंत्री गोदावरी थापली, राजेश शर्मा, नागेश रतूडी सहित कई लोग मौजूद रहे।



