देहरादून- मानसिक रूप से परेशान चल रही महिला ने पेड़ से लटककर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि महिला नेहरू कॉलोनी में अपने बेटे के साथ रहती थी। देर रात वो घर से निकली और डालनवाला क्षेत्र में साड़ी का फंदा बना पेड़ से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला प्रीतम रोड संस्कृत महाविद्यालय के पास पेड़ पर लटकी हुई है। पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर महिला को नीचे उतारा। महिला को नजदीक के अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला की शिनाख्त बसंती देवी(59 वर्ष) पत्नी जगत सिंह ठाकुर, निवासी नैनी सैनी(पिथौरागढ़) हाल निवासी नेहरू कॉलोनी बताया। महिला के बेटे रोशन सिंह ठाकुर और बहू निर्मला ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से डिप्रेशन में थी। इसी साल जनवरी में वो इलाज के लिए देहरादून आई थीं। उनका इलाज महंत इंद्रेश अस्पताल में चल रहा था। पुलिस के मुताबकि रात को करीब दो बजकर 15 मिनट पर बसंती देवी ने फोन करके अपने पति जगत सिंह ठाकुर को बताया कि वह घर से दूर आ गई है और फांसी लगा रही है। रोशन सिंह ने बताया कि उनकी मां काफी समय से डिप्रेशन में थी और अक्सर कहती थी कि मैंने सारे परिवार को दुखी कर दिया है। हर बार सुसाइड करने की बात कहती थी। रात को घर के कपड़ो में निकली थी। फंदा बनाई साड़ी भी घर से ही साथ ले गई थी। पापा को फोन करने के बाद उन्होंने फोन बंद कर लिया था।





