इजरायल में 17 सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए पीएम नरेंद्र मोदी संकटमोचन बनकर उभरे हैं। दरअसल, एक चुनावी विज्ञापन में नेतन्याहू के साथ पीएम मोदी की तस्वीरें नजर आ रही है। हालांकि चुनावी पोस्टरों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन के साथ भी नेतन्याहू की तस्वीर दिखाई जा रही है। माना जा रहा है कि इजरायल में होने वाले चुनाव के लिए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को भुनाने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग के बाहर ये पोस्टर लगाए गए हैं वह बिल्डिंग तेल अवीव स्थित किंग जॉर्ज स्ट्रीट में लिकुड पार्टी का मुख्यालय है, जहां इन तीन अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ नेतन्याहू की नजदीकी बताने वाले चुनावी विज्ञापन वाले बैनर लगे हैं।
नेतन्याहू का चुनाव इस बार विश्व नेताओं के साथ घनिष्ठ संबंधों पर ही केंद्रित है। इसमें यह बताने की कोशिश की जा रही है कि नेतन्याहू इजरायल की राजनीति में असाधारण शख्सियत बन चुके हैं जो देश की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। सबसे लंबी अवधि के प्रधानमंत्री होने के बावजूद माना जा रहा है कि इस बार उनके लिए चुनाव कठिन होगा। उनके समय में भारत और इजरायल के बीच आर्थिक, सैन्य और राणनीतिक संबंधों का तेजी से विकास हुआ है। वहीं वह मोदी को 2019 के आम चुनाव के बाद जीत की बधाई देने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय नेता थे। उन्होंने भारत के साथ दोस्ती और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का संदेश दिया था। नेतन्याहू चुनाव से ठीक आठ दिन पहले 9 सितंबर को एक दिन के दौरे पर भारत आ रहे हैं। बता दें कि इजरायल अखबार के स्तंभकार योसी वर्टर ने एक लेख में लिखा है, अभी नेतन्याहू का बुरा दौर चल रहा है लेकिन वह उम्मीद करते हैं कि मोदी के साथ फोटो खिंचवाने से मदद मिलेगी। येरूशलेम स्थित पीएमओ के सूत्रों के मुताबिक नेतन्याहू ने नई दिल्ली में अपने समकक्ष से मिलकर उन्हें इजरायल आने का न्योता दिया है।


