तेज रफ्तार कार ने 5 वाहनों को मारी टक्कर, कई लोग घायल, सीपीयू कर्मियों को भी कुचलने का प्रयास…..

देहरादून- राजधानी देहरादून में देर रात नशे में धुत एक युवक ने अपनी जैगुआर कार से एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने का सिलसिला रेसकोर्स से शुरू हुआ और जोगीवाला चौक पर जाकर रूका, जहां उसे पकड़ लिया गया। घटना में चालक खुद भी घायल हुआ है। उसे कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक की पहचान सौरभ पाल पुत्र सुशील पाल निवासी डोईवाला के रूप में हुई है। सौरभ देहरादून से अपने घर डोईवाला जा रहा था। इस दौरान उसने रेसकोर्स में एक विक्रम को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि विक्रम पलटा नहीं, लेकिन कई सवारियां नीचे गिर गईं। विक्रम चालक ने पुलिस को सूचना दी तो रिस्पना पुल के पास सीपीयू कर्मियों ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन फरार होने की कोशिश कर रहे सौरभ ने उन्हें भी कुचलने की कोशिश की। वहां से निकलकर उसने एक बाइक, एक कार, एक स्कूटर और एक ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद फव्वारा चौक पर जमा हुए लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। सौरभ किसी तरह कार लेकर यहां भाग निकाला। इस दौरान पुलिस ने जोगीवाला तक नाकेबंदी कर दी थी। पुलिस ने कार को जोगीवाला पर रोक लिया। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि सौरभ ने शराब पी हुई थी। इसकी मेडिकल में पुष्टि हुई है। जो लोग घायल हैं उनके भी बयान लिए जा रहे हैं। युवक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here