हल्द्वानी- उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक साप्ताहिक अखबार में काम करने वाले पत्रकार मनोज बोरा को दो युवकों ने गोली मार दी। गोली पैर में लगी है। पत्रकार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनोज ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम बाइक सवार दो युवक उनके घर के पास आए और किराये पर रूम के बारे में पूछने लगे। मनोज के अनुसार जब कमरा किराये पर खाली नहीं होने की बात कही तो दोनों युवक भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने मनोज को गोली मार दी और फरार हो गए। गोली चलने से आसपास सनसनी फैल गई। लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मनोज को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।