देहरादून- नामी कम्पनी के नाम से बाजार में बिक रहे दूसरे चावलों की सूचना पर आज आढ़त बाजार में की गयी छापेमारी से हड़कंप मच गया। इस दौरान छापेमारी दल ने कई दुकानों से सैकड़ों बोरे चावल भी बरामद किये। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली कोर्ट के आदेश पर एक प्रतिष्ठित कम्पनी के चावलों के बैग में कई राज्यों में बिक रहे दूसरे चावलों की जंाच की जा रही है। इस क्रम में आज उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून के आढ़त बाजार में छापेमारी की गयी। छापेमारी को ज्वाइंट कमिश्नर पूनम गुप्ता की अगुवाई में स्थानीय पुलिस की टीम द्वारा अंजाम दिया गया। छापेमारी के दौरान आढ़त बाजार के व्यापारियों में अफरा तफरी मची रही। बताया जा रहा है कि छापेमारी की इस टीम द्वारा कई दुकानों को खंगाला गया। इन दुकानों से सैकड़ों की संख्या में ऐसे चावलों के कट्टे भी बरामद हुए जिन पर प्रतिष्ठित कम्पनी का लेबल लगा हुए था। बताया जा रहा है कि न्यायालय के आदेश पर छापेमारी की यह कार्यवाही सहारनपुर में भी आज अंजाम दी गयी है। वहंा से भी भारी संख्या में चावलों के ऐसे कई कट्टे बरामद किये जाने के समाचार है। खबर लिखे जाने तक छापेमारी की यह कार्यवाही जारी थी।



