देहरादून- राजधानी देहरादून मे स्वाइन फ्लू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वाइन फ्लू से एक मरीज की मौत और 14 नए मामले सामने आने के बाद लोगों में दहशत बढ़ गई है। अब तक स्वाइन फ्लू से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती 28 वर्षीय महिला मरीज की मौत हो गई। रिपोर्ट में सहारनपुर निवासी महिला मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू से मरने वालों की कुल संख्या 18 तक पहुंच गई है, जिनमें से 16 की मौत श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में हुई। वहीं, 14 नए मरीजों में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से छह मरीज श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, पांच मैक्स अस्पताल, दो दून अस्पताल और एक कैलाश अस्पताल में भर्ती हैं। अब तक कुल 95 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है।
स्वाइन फ्लू से बचने के लिए बरतें ये सावधानी
खांसी-जुकाम को हल्के में ना लें।
भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
हाथ मिलाने और गले लगने से बचें।
बिना मास्क पहने भीड़भाड़ में ना जाएं।
अस्पताल जाते समय सावधानी बरतें।
स्वाइन फ्लू प्रभावित क्षेत्रों में ना जाएं।
खांसते और छींकते समय रुमाल रखें।



