देहरादून- मोदी सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णों ख्सामान्य वर्ग, के लोगों के लिए सरकारी नौकरियों व शिक्षण संस्थानों में दस फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया है। जिसपर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्र सरकार के आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णों को सरकारी नौकरी में 10 प्रतिशत आरक्षण को कैबिनेट में मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्ण लंबे समय से आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग कर रहे थे। केंद्र के इस कदम से आर्थिक रूप से समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस फैसले को केंद्र के सबका साथ सबका विकास की सोच को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उत्तराखंड के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को लाभ होगा तथा राज्य के युवाओं को सरकारी सेवा में जाने के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। सात ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक कदम उठाकर समाज में आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णों को बड़ी राहत दी है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मोदी सरकार के इस फैसले के बाद जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बहुत देर कर दी मेहरबान आते-आते वो भी तब 2019 के चुनाव पास हैं। वह क्या कर रहे हैं इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जो जुमले वो दे रहे हैं, उससे उनकी सरकार नहीं बचेगी।


