देहरादून- राजधानी देहरादून में इन दिनों आपराधिक गतिविधियों का केन्द्र बना हुआ है। लगभग एक माह के दौरान बदमाशों ने दिन-दहाड़े लूट की तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। हर बार की तरह पुलिस दून में हुई इन लूटों का पर्दाफाश जल्द करने की बात तो कर रही है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। यूं तो राजधानी देहरादून हमेशा से ही चोर लुटेरों के निशाने पर रहा है, लेकिन इस बार लुटेरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए जंहा घंटाघर के पास दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। वहीं उन्होने दिन दहाड़े राजपुर रोड जैसी अति सुरक्षित जगह पर भी अपनी आमद दर्ज कराते हुए लूट की वारदात कर डाली। अलग अलग दिन पर होने वाली इन लूटों के होने बाद पुलिस का दावा था, कि इस मामले की अपराधी जल्द पकड़े जायेगे, लेकिन कई दिन बीतने के बावजूद व कई राज्यों में दबिश देने के बाद भी पुलिस अब तक खाली हाथ है। पुलिस भी लुटेरों के इस हौंसले पर हैरत में है। राजधानी दून में जिन स्थानों पर यह लूट की वारदातें अंजाम दी गयी है वह अत्यंत ही व्यस्त जगह है। इनमें से दो लूट घंटाघर के पास अंजाम दी गयी है जंहा पर पुलिस पिकेट हमेशा रहती है वंही दूसरी लूट राजपुर रोड पर स्थित गोल्ड लोन आफिस में हुई है। यंहा भी हर चौक पर पुलिस तैनात है। फिर भी अगर लुटेरे भागने में सफल रहे है तो यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाने के लिए काफी है।



