आम आदमी पार्टी का डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन, उत्तरकाशी बस दुर्घटना में परिजनों को मुआवजे दिये जाने की मांग…..

देहरादून- आम आदमी पार्टी द्वारा आज बीते दिनों उत्तरकाशी में हुई बस दुर्घटना में मृतकों और घायलों के परिजनों को उचित व पर्याप्त सहायता राशि देने हेतु जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से आप नेताओं ने कहा कि गत 18 नवम्बर को उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव के दिन उत्तरकाशी के डामटा के निकट दुखद व भीषण बस दुर्घटना में चौदह व्यक्तियों की दुखद मृत्यु हो गयी व अनेकों लोग घायलावस्था में उपचाराधीन हैं। दुर्घटना में सभी मृतक व घायल अत्यन्त साधारण परिवारों से हैं और इस दुर्भाग्यजनक स्थिति में उनके परिजनों के समक्ष जीविकोपार्जन की विकट स्थिति पैदा हो गई है। आप नेताओं ने कहा कि विगत 17 अक्टूबर को पौड़ी व पूर्व में अल्मोड़ा जिले में घटित दुखद बस दुर्घटनाओं में संवेदनशीलता जताते हुये मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों व घायलों के परिजनों को सहायता राशि देने की घोषणा की गयी थी, लेकिन उत्तरकाशी के पीड़ितों के लिये इस प्रकार की कोई घोषणा आज तक नहीं की गयी है। आखिर उत्तरकाशी के बस दुर्घटना प्रभावितों के साथ ऐसा भेदभाव व संवेदनहीनता क्यूँ? आम आदमी पार्टी ने जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को ज्ञापन सौंप माँग की है कि राज्य सरकार द्वारा उत्तरकाशी के डामटा में बस दुर्घटना में मृतकों और घायलों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुये परिजनों को उचित व पर्याप्त सहायता राशि दिये जाने की घोषणा जल्दी की जाये।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here