हरिद्वार- कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर आज पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे हैं। गंगा स्नान सुबह पांच बजे शुरू हो गया और सूर्यास्त तक चलता रहेगा। पूर्णिमा के कृतिका नक्षत्र में पड़ने से पर्व का खास महत्व है। आज पूर्णिमा स्नान के साथ ही देवोत्थान एकादशी से चल रहे विष्णु पर्वों का समापन हो जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर आज हरकी पैड़ी के साथ-साथ गंगा के अनेक घाटों पर श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। साथ ही स्नानार्थी गंगा तटों पर दीपदान भी कर रहे हैं। इस दौरान भक्तों ने उगते सूरज को अर्घ्य दिया। पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, जम्मू काश्मीर आदि प्रांतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचे हैं। नारायण के मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। इसके साथ ही आज गुरुनानक जयंती भी मनाई जा रही है।



