देहरादून – गैंगरेप मामले में जीआरडी वर्ल्ड स्कूल भाऊवाला की एनओसी रद्द होगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्कूल की मान्यता खत्म करने के लिए सीबीएसई को भी पत्र लिखा गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को गांधी नेत्र अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि बच्चियों का यौन उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यौन उत्पीड़न के मामलों को उजागर करने वाली बेटियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। छात्राओं के यौन उत्पीड़न के मामले में जीआरडी वर्ल्ड स्कूल की एनओसी रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है। और सीबीएसई के अधिकारियों को पत्र लिखकर स्कूल की मान्यता खत्म करने को लिखा गया है। जीआरडी वर्ल्ड स्कूल में छात्रा के साथ सामूहिक दुराचार के मामले में एसआईटी ने स्कूल से साक्ष्य जुटाए है । एसआईटी आरोपियों की जमानत याचिका रद्द कराने की तैयारियों में जुटी रही। एसआईटी ने जीआरडी स्कूल में कुछ लोगों के बयान भी लिए। उसका कहना है कि सोमवार को आरोपियों की जमानत रद्द कराने के लिए पुरजोर प्रयास किया जाएगा। जीआरडी स्कूल में गत 14 अगस्त को स्कूल के चार छात्रों ने एक नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुराचार किया था। इस मामले में स्कूल प्रशासन ने एक माह तक मामले को दबाए रखा। छात्रा को बुरी तरह से धमकाकर उसे मुंह बंद रखने की चेतावनी दी गई थी। मगरए जब छात्रा को गर्भवती होने का अहसास हुआ तो उसने स्कूल प्रशासन को बता दिया। लेकिनए आरोप है कि स्कूल प्रशासन छात्रा के गर्भपात कराने की तैयारी में जुट गया। तब एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने सहसपुर पुलिस को जांच के निर्देश दिए। सहसपुर पुलिस ने चारों छात्रए स्कूल निदेशक और प्रधानाचार्य सहित नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। आरोपियों ने अब इस मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में जमानत अर्जी पेश की है।



