देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने एटीएम धोखाधड़ी के कई तरीके अपनाने वाले चार ठगों को पकड़ा है इनके पास से हजारों की नगदी, कई एटीएम कार्ड व ठगी में प्रयुक्त कार बरामद की है। इस संदर्भ में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि बीते माह डाकरा निवासी शकुन्तला पत्नी भगवान सिंह ने कैंट कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कुछ लोगों ने वादिनी का एटीएम कार्ड प्रयोग कर उससे 1-09-000 रूपये निकाल लिये है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि ठगों ने वादिनी का एटीएम गढ़ी चैक स्थित एसबीआई के एटीएम में बदला है तथा उनके पास (यूपी 11 बीएम-0567) ग्रे कलर की कार है। जांच में जुटी पुलिस टीम को कल देर शाम पता चला कि उक्त कार ओएनजीसी चैक की तरफ देखी गयी है तथा उसमें उक्त धोखाधड़ी में शामिल ठग सवार है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने उक्त कार सहित आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से चार एटीएम कार्ड व 14 हजार की नगदी बरामद की। थाने लाकर की गयी पूछताछ में उन्होने अपना नाम जहीन्द्र कुमार उर्फ अरूण कुमार, पंकज, विशाल व संदीप निवासी सहारनपुर है। ठगों ने बताया कि वह दून सहित कई जिलो व राज्यों में इस तरह की धोखाधड़ी को अंजाम दे चुके है। आरोपी इतने शातिर है कि उनमें से एक संदीप पूर्व में भी क्लेमनटाउन क्षेत्र से पवन नाम से धोखाधड़ी में जेल जा चुका है और जमानत पर छूटा है।



