
देहरादून। जनक्रांति विकास मोर्चा विभिन्न प्रकरणों पर आंदोलनरत है। जिनमें बाड़ाहोती चमोली मेंचीन की लगातार घुसपैठ शहीद परिजनों के साथ वादाखिलाफी प्रमुख है। संगठन ने इस संदर्भ में जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय को ज्ञापन प्रेषित किया है। मंगलवार को जिलाधिकारी देहरादून कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए जनक्रांति विकास मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना था कि सीमांत क्षेत्र उत्तराखंड अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से घिरा हुआ है जहां चीन लगातार घुसपैठ कर रहे हैं।
इसी प्रकार सरकार शहीद परिजनों के खिलाफ लगातार वादाखिलाफी कर रही है जिससे जन क्रांति मोर्चा क्षुब्ध है। संगठन की मांग है कि सीमांत क्षेत्रों में घुसपैठ रोकने का ठोस प्रबंध किया जाए तथा सैनिकों के परिजनों को न्याय दिया जाए।
संगठन ने भारत-चीन सीमा पर प्रमुख सचिव गृह उत्तराखंड से प्रति माह दौरा करने का आग्रह किया है तथा कहा है कि केन्द्र सरकार की कैबिनेट चमोली जिले में आयोजित की जाए ताकि सांसदों को वहां की असलियत का पता चले। इसी प्रकार सैनिकों से किये वायदे पूरे किए जाए। इस अवसर पर संगठन प्रमुख अमित जैन समेत उनके सैकड़ों समर्थक प्रभात डंडरियाल व अन्य लोग उपस्थित थे।



