देहरादून {शैली श्रीवास्तव}- प्रदेश में आज से सफर करना महंगा हो जाएगा। प्राइवेट बसों, मैक्सी कैब, विक्रम, सिटी बस, टैक्सी, ठेका बस, माल वाहक वाहनों के किराये में 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है। प्राइवेट वाहन संचालक बीते कई वर्षों से किराये में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। वर्ष 2013 के बाद अब किराया बढ़ाया गया है। यह भी तय किया गया है कि अब हर वित्तीय वर्ष में स्थितियों को देखते हुए किराये में बढ़ोतरी या कमी की जाएगी।
पिछले दिनों हुई राज्य परिवहन प्राधिकरण एसटीए की बैठक में किराये में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया था। परिवहन सचिव शैलेश बगौली ने मंगलवार को इसे मंजूरी दे दी। मैदानी मार्गों पर साधारण बस सेवा का किराया 75 से बढ़ाकर 86 पैसे प्रति किमी प्रति यात्री कर दिया गया है। वहीं, पर्वतीय मार्गों पर 95 पैसे से बढ़ाकर 1.09 रुपये किया गया है। इसी तरह रिजर्व पार्टी परमिट यशादी या किसी समारोह के लिए बुक होने वाली बसों के तहत मैदानी मार्गों के लिए 85 से बढ़ाकर 98 पैसे तथा पर्वतीय मार्ग के लिए 120 से बढ़ाकर 138 पैसे प्रति किमी प्रति यात्री इजाफा किया गया है। वहीं, सिटी बसों का न्यूनतम किराया पांच रुपये ही रखा गया है। सिटी बसों का संचालन अब 18 के बजाय 30 किलोमीटर तक किया जा सकेगा। ऐसे में अधिकतम किराया 36 रुपये तय किया गया है।
