शैली देहरादून- हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमणमुक्त हुई सड़कों को संवारने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने शहर के 10 छोटी-बड़ी सड़कों के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण करने के लिए 55 करोड़ की योजना बनाई है। शासन की स्वीकृति मिलने के बाद इस योजना पर काम शुरू हो जाएगा। राजधानी में हाईकोर्ट के आदेश पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के साथ-साथ अब शासन अतिक्रमणमुक्त हुई सड़कों के सुधार की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने ध्वस्त किए गए अतिक्रमण वाले हिस्से में सड़क चौड़ीकरण, नाली शिफ्टिंग, फुटपाथ निर्माण की योजना बनाई है। अब तक अतिक्रमणमुक्त की जा चुकी 10 छोटी-बड़ी सड़कों के लिए 55 करोड़ की योजना बनाई गई है। इसके अलावा कुछ गली और लिंक मार्ग को लेकर अभी योजनाएं बननी बाकी हैं। अतिक्रमण हटाने के बाद सड़कों के चौड़ीकरण, सुधारीकरण और सौंदर्यीकरण पर काम शुरू कर दिया है।
