शैली देहरादून- हाईकोर्ट के आदेश के बाद इन दिनों देहरादून शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की मुहिम लगातार चल रही है। पूरा प्रशासनिक अमला इसमें जुटा हुआ है। यही नहीं, लगातार हो रही बारिश से दिक्कतें भी सामने आ रही। वहीं सरकार भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों के राहत कार्यों में व्यस्त होने और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए देहरादून में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की समय सीमा बढ़ाने के लिए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने जा रही है। राज्यमंत्री धन सिंह रावत, विधायक गणेश जोशी, खजानदास, हरबंश कपूर, उमेश शर्मा, पूरन फत्र्याल, सुरेंद्र सिंह नेगी भाजपा नेता सुनील उनियाल गामा ने इस संबध में मुख्यमंत्री आवास में त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। जिसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस बारे में महाधिवक्ता को याचिका दायर करने के निर्देश जारी किये है। इससे पहले भी भाजपा विधायकों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आम जन की दिक्कतों के बारे में बताया था।



