
देहरादून। स्वच्छता हमारी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने के लिए पूरे देश में स्वच्छता एक अभियान के रूप में चलाई जानी चाहिए। यह मानना है टीएचडीसी के निदेशक वित्त का जो उन्होंने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कार्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा प्रारंभ करते समय जानकारी देते हुए बताया। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) के कॉरपोरेट कार्यालय ऋषिकेश के गंगा भवन प्रांगण में 16 मई, 2018 को सांय 04:00 बजे स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। श्री श्रीधर पात्र, निदेशक (वित्त) ने अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई । निदेशक (कार्मिक) श्री विजय गोयल व निदेशक (वित्त) ने हरी झंडी दिखाकर टी.ई.एस. स्कूल के बच्चों की स्वच्छता परेड को रवाना करके स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ किया।
परेड की शुरूआत के उपरांत निदेशक (वित्त) तथा निदेशक (कार्मिक) ने हरी झंडी दिखाकर गंगाभवन गेट से 02 मिनी ट्रक भरकर स्वच्छता सामग्री टिहरी विस्थापित क्षेत्र पथरी तथा इंदिरा नगर प्राथमिक विद्यालय, ऋषिकेश व स्थानीय निवासियों के साथ ही वीरभद्र रेलवे स्टेशन, मां कुंजापूरी मंदिर के उपयोग हेतु रवाना किया गया। स्वच्छता सामग्री में स्वच्छ पेयजल हेतु वाटरकूलर, फ्रिज, 2000 जैविक व अजैविक कूडेदान आदि दिये गये।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन सेवा-टीएचडीसी के सौजन्य से टीएचडीसीआईएल में किया गया है। इस अवसर पर श्री एच.एल. भारज, कार्यपालक निदेशक (सेवायें व कॉरपोरेट सामाजिक उत्तदायित्व), श्री मुहर मणी, महाप्रबन्धक (ओ.एम.एस.), श्री ए.के. माथुर, महाप्रबन्धक (वाणिज्यिक) एवं श्री जे. बेहरा, महाप्रबंधक (वित्त) सहित कॉरपोरेशन के अनेक अधिकारियों व कर्मचारियों, टी.ई.एस. हाईस्कूल ऋषिकेश के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने स्वच्छता संबंधी शपथ लेकर भारत सरकार के सवच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था उसमें सिर्फ राजनैतिक आजादी ही नहीं थी, बल्कि एक स्वच्छ एवं विकसित देश की कल्पना भी थी। वर्ष 2019 में गांधी जी की 150वीं जयन्ती के अवसर पर स्वच्छ भारत का आह्वान भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया। वर्ष 2014 से ही टीएचडीसीआईएल में स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है जिसमें कॉरपोरेशन के अधिकारी व कर्मचारी अपने परिजनों सहित स्वच्छता हेतु श्रमदान करते हैं। स्वच्छता के प्रति जागरूकता हेतु अनेक गतिविधियों आयोजित की जाती हैं।



