
देहरादून। उत्तराखंड के चार धामों में से दो धामों के कपाट विधिवत खोल दिए गए हैं। इनमें गंगोत्री और यमुनोत्री शामिल है। इन कपाटों के खुलते ही चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। गंगोत्री के कपाट दोपहर 1:15 बजे और यमुनोत्री के कपाट 12:15 बजे पर खोल दिये गए।
इससे पहले सुबह आठ बजे मां गंगा की डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। यह डोली 10:00 बजे गंगोत्री धाम पहुंची। जहां उसका भव्य स्वागत हुआ और धार्मिक रीति से मां गंगा और यमुना की विशेष अर्चना की गई।
वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दोपहर 1:15 बजे पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गए। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत, जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व अन्य लोग उपस्थित थे। मां यमुना की डोली उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली से शनिदेव महाराज की अगुवाई मे सुबह 9 :15 बजे पर यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई और 11 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। इस अवसर पर यमुनोत्री क्षेत्र के विधायक केदार सिंह रावत, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव कृतेश्वर उनियाल, एसडीएम पीएस राणा,वागेश्वर सेमवाल आदि उपस्थित रहे। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने कहा कि अक्षय तृतीय के पर्व के दिन मां गंगा के धाम गंगोत्री के कपाट खोल दिय गए हैं ।


