
देहरादून,कानाफूसी: लोगों को प्रकाशित करने वाला विभाग कितना प्रकाश फैला रहा है, इसका जीता-जागता नमूना पिछले दिनों चर्चा में आया। लोगों को प्रकाशित करने वाले विभाग के बड़े अधिकारी को उनकी ही घर की नौकरानी ने प्रकाशित कर दिया। चर्चा के अनुसार आज नौकरानी अपने गांव में दो मंजिला मकान बनाकर, भैंसे पालकर अपना कारोबार जमा चुकी है, लेकिन इससे पहले उसने उक्त अधिकारी की अच्छीखासी संपत्ति पर भी हाथ साफ कर दिया ऐसी चर्चा है।
चर्चाओं को सच माने तो देहरादून के बाहरी क्षेत्र की एक पॉश कालोनी में रहने वाले प्रकाश विभाग के अधिकारी को उनकी ही नौकरानी ने ठीक-ठाक प्रकाशित कर दिया। यदि इस चर्चा में दम है तो उक्त नौकरानी ने लगभग 50 लाख की धनराशि पर हाथ साफ कर दिया और अधिकारी का कारोबार जमता इससे पहले नौकरानी ने अपने गांव में अपना कारोबार जमा लिया। हालांकि यह मामला पुराना हो चुका है लेकिन लोग चटकारे लेकर पूरी कालोनी में इसकी चर्चा कर रहे है। मामला भी तब प्रकाश में आया जब उक्त नौकरानी से जुड़ी एक अन्य महिला ने लोगों से इस घटनाक्रम की कानाफूसी कर दी। हालांकि अब न तो उक्त अधिकारी और न ही उनके परिचित इस मामले में कुछ बोल रहे हैं पर कानो कान यह प्रकरण पूरी कालोनी ही नहीं आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सबसे रहस्यमय यह कि इस मामले पर अभी तक कोई कार्रवाई की नहीं गई है। होती भी कैसे मामला नकदी से जुड़ा हुआ था। नोटबंदी के आसपास घटी इस घटना की चर्चा अब हो रही है जिससे लोग काफी हैरत में है। जानकारों की माने तो वैसे भी इस अधिकारी के आसपास ठेकेदारों का ठीकठाक जमावड़ा रहता है और लोग खुले हाथों उक्त अधिकारी की आवभगत भी करते हैं जिसके पीछे उसकी ऊंची पैठ तो है ही मिलने वाले काम भी है। जिससे ठेकेदारों के साथ-साथ उक्त अधिकारी भी मालामाल होता रहता है। ऐसे ही माल का कुछ हिस्सा नौकरानी द्वारा हड़प लिया जाना फिलहाल चर्चा का विषय बना हुआ है। यह सच है या केवल कानाफूसी यह लेता जाने या देता पर इस मामले पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।