भारत सरकार की अमृत योजना कार्यक्रम के अंतर्गत हरिद्वार नगर में ऋषिकुल से मायापुर, टिबड़ी, चन्द्राचार्य चैक क्षेत्र तथा आर्यनगर, गोविन्दपुरी, न्यू विकास काॅलोनी, विकास काॅलोनी और पूजा नमकीन की गली क्षेत्र में रूपये 860.38 लाख की अनुमानित लागत से बनने वाली सीवर लाइन का शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास जन अपेक्षाओं पर पूरी तरह से खरा उतरना है, जिसके लिए मूलभूत अवधारणा को आगे बढ़ाने का प्रयास सरकार द्वारा किया जा रहा है। जनपद की सीवर की समस्या से निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार के प्रयास एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से पिछले सात महीने में 36 करोड से अधिक के सीवरेज के कार्य केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत किये गये हैं, जिन्हें अगले एक वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा, साथ ही जनपद में गैस पाइपलाइन का कार्य भी शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।
डेंगू से निपटने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्र में अधिकारियों को दवाओं का छिड़काव करने के निर्देश दिये गये तथा सीएमओ को क्षेत्र में भ्रमण करने तथा अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने के लिए निर्देशित करने को कहा। उनके मुताबिक मूलभूत समस्याओं को लेकर सरकार कार्य कर रही है। शहर में सात बड़ी पार्किंग बनाने का प्रयास चल रहा जिससे कि पार्किंग की समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निजात पाने के लिए हरिद्वार में रिंग रोड़ बनाने के लिए केन्द्र सरकार से प्रयास किये जा रहे हैं। जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए खाका तैयार कर लिया गया है, जिससे चन्द्राचार्य चैक की जलभराव की समस्या का समाधान होगा। हर की पैड़ी क्षेत्र एवं नगर पालिका परिषद के पार्काें का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।