Homeराज्यबिहारछलका शत्रुघ्न सिन्हा का दर्द, कहा- पार्टी देश के स्टार प्रचारक को...

छलका शत्रुघ्न सिन्हा का दर्द, कहा- पार्टी देश के स्टार प्रचारक को भूल गई!

पटना: बीजेपी के सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बुधवार को यूपी चुनाव के स्टार प्रचारकों की सूची में अपना नाम नहीं देख आश्चर्य जाहिर किया है. शत्रुधन सिन्हा ने कहा कि बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची से मुझे बाहर रखा है, पार्टी देश के स्टार प्रचारक को भूल गई है. लेकिन इसके बावजूद भी मैं पार्टी को शुभकामनाएं देता हूं.

‘जो यूपी के चप्पे-चप्पे से वाकिफ है उसे स्टार प्रचारकों की लिस्ट से बाहर रखा गया है’

पटना साहिब क्षेत्र के सांसद सिन्हा ने पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, “शत्रुघ्न सिन्हा जो लंबे समय तक बीजेपी के लिए यूपी में स्टार प्रचारक के रूप में सेवा दे चुका है और उस राज्य के चप्पे-चप्पे से वाकिफ है, उसे स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर रखा गया.” सिन्हा ने कहा, “मैं कोई शिकायत नहीं कर रहा हूं. स्टार प्रचारकों की सूची बनाना पार्टी नेतृत्व का काम है. मैं पार्टी को यूपी चुनाव के लिए शुभकामनाएं देता हूं.”

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे पर शत्रुघ्न सिन्हा का बयान

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था, “यह तो होना ही था.” इस पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उनकी तुलना बैलगाड़ी के नीचे चलने वाले कुत्ते से की थी. उन्होंने कहा था, “बैलगाड़ी के नीचे चलने वाला कुत्ता समझता है कि गाड़ी वही चला रहा है.”

बिहारी बाबू नाम से मशहूर हैं शत्रुघ्न सिन्हा

‘बिहारी बाबू’ के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा को राजनीति में जब भी जो ठीक लगा, बेबाक बोलते रहे हैं. वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अच्छे काम की तारीफ कर चुके हैं और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी उनके अच्छे संबंध हैं. जबकि पार्टी उन्हें खुले विचार वाले नेता नहीं, बल्कि ‘कट्टर भाजपाई’ के रूप में देखना चाहती है. पार्टी यह भूल जाती है कि अटल बिहारी वाजपेयी ने बांग्लादेश की आजादी के लिए भारत के पाकिस्तान से युद्ध करने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को ‘दुर्गा’ की संज्ञा दी थी.

मैं बीजेपी में मजबूती के साथ, लेकिन स्टार प्रचारक नहीं: शत्रुघ्न सिन्हा

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से संबंध के बारे में पूछे जाने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने अंदाज में कहा, “हां, मेरे इन दोनों नेताओं से आपसी, सौहार्दपूर्ण, पारिवारिक संबंध हैं. इसे राजनीतिक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए.” नेता-अभिनेता ने एक बार फिर दोहराया कि वह बीजेपी में हैं और मजबूती के साथ हैं, लेकिन स्टार प्रचारक नहीं हैं.

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular