चम्पावत : चम्पावत जिले में औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत बनबसा के कठुवापाती में सिडकुल की स्थापना की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार के साथ कठुवापाती में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से स्थल की उपयुक्तता परखी गई।
निरीक्षण के दौरान भूमि सीमांकन, एप्रोच रोड, पेड़ों के नियमानुसार प्रत्यारोपण और सिडकुल के लेआउट प्लान पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सिडकुल के लिए ऐसी भूमि का चयन किया जा रहा है, जहां भविष्य में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के साथ बेहतर कनेक्टिविटी और जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा सकें।
जिलाधिकारी के अनुसार भूमि चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री की घोषणा को जल्द धरातल पर उतारने के लिए प्रस्तावित स्थल की उपलब्धता और उपयुक्तता का परीक्षण किया जा रहा है। सिडकुल स्थापित होने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
अब सबकी निगाहें भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होने और सिडकुल स्थापना के अगले चरण पर टिकी हैं। यदि यह परियोजना धरातल पर उतरती है तो चम्पावत जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।




[…] Source link […]