देहरादून। मोबाइल चोरी किया, बैंक खाते से 1.50 लाख रुपये उड़ाए और फिर उन्हीं पैसों से खरीद ली R15 बाइक और ज्वैलरी! उत्तराखंड के देहरादून में सामने आए इस मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया है। सहसपुर में एक महिला का मोबाइल चुराकर उसके बैंक खाते से रकम ट्रांसफर करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल, 40 हजार रुपये नकद, ज्वैलरी और R15 मोटरसाइकिल बरामद की है। शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
कमरे से मोबाइल चोरी, फिर बैंक खाते से उड़ाए 1.50 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, सहसपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी अनुराधा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मोबाइल फोन चोरी होने के बाद बैंक खाते से ऑनलाइन 1.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस ने सहसपुर के रामपुर पुल क्षेत्र से शाहरून को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला बताया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 29 सितंबर को पीड़िता के कमरे से मोबाइल चोरी किया था। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप के जरिए करीब 1.50 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
ठगी के पैसों से खरीदी R15 बाइक
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंक खाते से ट्रांसफर की गई रकम से R15 मोटरसाइकिल और ज्वैलरी खरीदी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, 40 हजार रुपये नकद, करीब 40 हजार रुपये कीमत की ज्वैलरी और एक R15 मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने नशे की लत और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



