हरिद्वार : हरिद्वार के लक्सर-रुड़की मार्ग पर देर शाम कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा से बाहर निकाला।
हरिद्वार में कार और ई-रिक्शा की टक्कर में तीन की मौत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में घायल छह लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फरार चालक की तलाश जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे। पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।