अल्मोड़ा : लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम वडयूडा में दर्दनाक हादसा हो गया। मकान ढहने से मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।
अल्मोड़ा में मकान ढहने से तीन लोगों की मौत
डीसीआर/आपदा से सूचना मिलने के बाद पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हालांकि घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले भारी मलबा आने के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध मिली। इसके बाद एसडीआरएफ जवान जरूरी रेस्क्यू उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचे।
SDRF ने मलबे से बरामद किए शव
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ मिलकर मलबे में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान टीम ने मलबे से तीन शव बरामद किए। हादसे में प्रेमा देवी (42 वर्ष), पत्नी राजेंद्र राम, कल्पना आर्या (19 वर्ष), पुत्री राजेंद्र राम और मनीष कुमार (18 वर्ष), पुत्र राजेंद्र राम की मौत हो गई।
बुजुर्ग ने भागकर बचाई जान
बताया गया कि गुलाब राम मकान के बाहर स्थित एक कमरे में सो रहे थे। मकान ढहने के दौरान वह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। एसडीआरएफ ने तीनों शवों को बरामद कर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते क्षेत्र में खतरा बना हुआ है।
[…] Source link […]