हरिद्वार : आयुक्त, खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तीन टीमों ने मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंटों और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने डेंसो चौक, सिडकुल और शिवालिक नगर क्षेत्र में स्थित मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान रक्षाबंधन पर्व पर अधिक बिकने वाली मिठाइयों के कुल छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें बंगाली रसगुल्ला, सादा घेवर, मलाई घेवर, गुलाब जामुन और सफेद रसगुल्ला सहित अन्य मिठाइयों के नमूने शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस की शर्तों के विपरीत मिठाइयों का निर्माण और बिक्री, खाद्य पदार्थों का सीधे जमीन पर भंडारण तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर तीन मिठाई निर्माताओं एवं विक्रेताओं—बीकानेर मिष्ठान भंडार डेंसो चौक, राजस्थान बीकानेर मिष्ठान भंडार सिडकुल और बीकानेर मिष्ठान भंडार सुभाषनगर—को नोटिस जारी किया गया है।