चंपावत : युवाओं को नेतृत्व, कौशल विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के MY Bharat (मेरा युवा भारत) अभियान को चम्पावत में नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. गणेश सिंह खाती की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी विभागों को अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
चंपावत के युवाओं पर सरकार का बड़ा फोकस
बैठक में तय किया गया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड, विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और युवा क्लब तक MY Bharat की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा सरकारी योजनाओं और अवसरों का लाभ उठा सकें। उप निदेशक शैलेश भट्ट ने बताया कि देशभर में 2.2 करोड़ से अधिक युवा MY Bharat पोर्टल से जुड़ चुके हैं। इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को इंटर्नशिप, कौशल विकास, रोजगार, स्वयंसेवी गतिविधियां, सीवी बिल्डर, मेंटरशिप, फिट इंडिया अभियान, खेल प्रतियोगिताएं, छात्रवृत्ति और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ मिल रहा है।
MY Bharat अभियान को मिलेगी नई रफ्तार
उप निदेशक शैलेश भट्ट ने बताया कि 15 अगस्त तक विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन जिलों को स्वतंत्रता दिवस पर नई दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। चम्पावत को इस सूची में शामिल कराने के लिए सभी शिक्षण संस्थानों में MY Bharat एंबेसडर नियुक्त किए जाएंगे। जिले के सर्वश्रेष्ठ तीन शिक्षण संस्थानों और उत्कृष्ट एंबेसडरों को भी सम्मानित किया जाएगा। बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, युवा क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, सेवा पखवाड़ा, वंदे मातरम् कैंप, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।
प्रतिभागियों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ तय समय सीमा में कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं अपर जिलाधिकारी ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी के जरिए SVEEP (मतदाता जागरूकता) गतिविधियों को भी मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों को मतदाता शपथ भी दिलाई।