Homeराज्यउत्तराखण्डचंपावत को ₹123.79 करोड़ की सौगात, सीएम धामी ने रखी विकास की...

चंपावत को ₹123.79 करोड़ की सौगात, सीएम धामी ने रखी विकास की नई नींव

चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनपद को ₹123.79 करोड़ की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से नौ नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है और सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन : 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ पर्यटन को भी नई पहचान देगी। इसके अलावा रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया गया।

युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता; चंपावत के विकास का नया विजन :

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़कें और भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चंपावत तैयार करना है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें। उन्होंने बताया कि नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) बनाया जाएगा, जिससे पार्किंग की समस्या दूर होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम, व्यापारिक भवनों सहित कई जनोपयोगी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। वहीं प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर आगे बढ़ रहा चंपावत: सीएम धामी: 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

चंपावत के विकास को नई गति : 

उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की दिशा में भी तेजी से कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे विकसित चंपावत की मजबूत नींव साबित होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में चंपावत समावेशी, संतुलित और विकास का आदर्श मॉडल बनेगा तथा विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंदिरों के पुजारियों, अर्धसैनिक बलों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, शिक्षकों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं, मीडियाकर्मियों और अन्य प्रबुद्धजनों से संवाद भी किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने खटकना पुल स्थित रविंद्र सिंह तड़ागी के पुत्र मानवेंद्र सिंह तड़ागी के नए एटलस पावर हाउस जिम का उद्घाटन भी किया।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular