उत्तरकाशी : उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी क्षेत्र के पास एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार गंगोत्री से उत्तरकाशी की ओर आ रही थी। हेलगुगाड़ से लगभग 200 मीटर आगे गंगनानी की दिशा में वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया, जिसके बाद कार सड़क से नीचे करीब 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घायलों और मृतकों का विवरण
विमल कुमार प्रधान पुत्र बैकुंठ प्रधान, उम्र 61 वर्ष, निवासी भुवनेश्वर, उड़ीसा।
यशवीर पुत्र बाज सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी पंजाब।
श्रीमती उपासना पत्नी विमल कुमार प्रधान, उम्र 54 वर्ष, निवासी भुवनेश्वर, उड़ीसा।
मृतकों का विवरण
दामोदर हरीराम जी रामटेककर, उम्र 77 वर्ष।
लक्ष्मी दामोदर रामटेककर, उम्र 67 वर्ष।
दोनों निवासी — नागपुर, महाराष्ट्र।
