देहरादून : देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुई लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
प्रेमनगर क्षेत्र में हुई लूट की घटना में फरार आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, 08 मई 2026 को कोतवाली प्रेमनगर में विनोद कुमार निवासी शिवाजी मार्ग, कांवली रोड, देहरादून ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आकाश, जो आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, 06 मई 2026 की रात करीब 2:15 बजे सहस्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान दो स्कूटी सवार युवक उसे जबरन अपने साथ जमुनवाला पुल, प्रेमनगर क्षेत्र की ओर ले गए।
आरोप है कि वहां दोनों युवकों ने आकाश के साथ मारपीट की, उसके दो मोबाइल फोन और 600 रुपये छीन लिए तथा बाद में उसे पुल से नीचे धक्का दे दिया। घायल अवस्था में आकाश को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल युवक घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं था।
एक आरोपी को पुलिस पहले ही कर चुकी है गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 12 मई 2026 को मामले में शामिल एक आरोपी मृदुल गुरुंग को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लूटा गया आईफोन बरामद हुआ था। पूछताछ में उसने अपने साथी अश्मित थापा का नाम बताया था।
कोल्हूपानी रोड क्षेत्र से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम लगातार दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी रही। पुलिस ने अश्मित थापा को कोल्हूपानी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मृदुल गुरुंग के साथ मिलकर सहस्रधारा क्रॉसिंग से युवक को स्कूटी में बैठाकर जमुनवाला पुल पर ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
