देहरादून : देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां धोखाधड़ी और पुलिस से बदसलूकी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पहले धोखाधड़ी की फिर पुलिस से बदसलूकी
देहरादून में पहले कुछ लोगों ने पहले तो धोखाधड़ी की फिर जब पुलिस तक मामला पहुंचा तो पुलिस से भी बदसलूकी की गई। मिली जानकारी के मुताबिक, श्यामपुर अंबीवाला निवासी यशपाल सिंह ने अपने कर्मचारी प्रवीण सेमवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि प्रवीण सेमवाल ने अपनी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल और साले आकाश के साथ मिलकर साजिश रची और ऑफिस से लाखों रुपये की हेराफेरी की।
कैश काउंटर की नकली चाबी बनाकर लिए पैसे
आरोप है कि आरोपियों ने ऑफिस के कैश काउंटर की नकली चाबी बनाकर पैसे निकाले और बिना जानकारी के निर्माण सामग्री जैसे सरिया, बजरी और सीमेंट बेचकर करीब 55 लाख रुपये का नुकसान किया। जब मामले की जांच शुरू हुई, तो प्रवीण सेमवाल को थाने बुलाया गया। इसी दौरान उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई के साथ थाने पहुंची और वहां हंगामा करने लगी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, प्रतीक्षा सेमवाल ने महिला अधिकारी के साथ अभद्रता की और हाथापाई भी की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला खुद अपने भाई के साथ थाने पहुंची थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
