UTTARAKHAND NEWS: उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एडीजी लॉ एंड आर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन ने हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जिलों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई।
एडीजी लॉ एंड आर्डर की कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक
इस समीक्षा बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था ने अधिकारियों को अहम निर्देश दिए. एडीजी ने महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों की जांच 60 दिनों के भीतर पूरी की जाए। इसके साथ ही, पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने पर जोर दिया गया ताकि कानून व्यवस्था में लोगों का भरोसा बना रहे।

समीक्षा बैठक में एडीजी लॉ एंड आर्डर के अधिकारियों को सख्त निर्देश
- ▪️ महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर 60 दिनों की निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
- ▪️ एनडीपीएस (NDPS) एवं नशा तस्करी के मामलों में केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहकर बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। बड़े तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और उनकी अवैध संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए
- ▪️ गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिगों की शत-प्रतिशत बरामदगी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
- ▪️ अज्ञात शवों की शिनाख्त हेतु आधुनिक तकनीक, डीएनए प्रोफाइलिंग और सोशल मीडिया के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया।
- ▪️ शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, थानों एवं कार्यालयों का नियमित निरीक्षण तथा लंबित मालों का भौतिक सत्यापन किया जाए।
- ▪️ ई-साक्ष्य सहित विभिन्न डिजिटल पोर्टलों पर डेटा फीडिंग की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने तथा सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
