
हरिद्वार जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिन लोगों ने व्यक्तिगत हथियार लाइसेंस के माध्यम से प्राप्त किए हैं, उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई है।
लाइसेंसी हथियारों पर प्रशासन सख्त
हरिद्वार में लाइसेंसी हथियारों पर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत हथियार लाइसेंस वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि हथियार केवल उसी उद्देश्य के लिए रखें जाएं, जिसके लिए लाइसेंस जारी किया गया है। किसी भी प्रकार का प्रदर्शन या दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने बताया कि अगर किसी लाइसेंसी हथियार से अपराध, अराजकता या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, तो संबंधित व्यक्ति का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाएगा और उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
प्रशासन द्वारा हथियारों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। भारत सरकार के नियमों के अनुसार दो से अधिक हथियार लाइसेंस रखने वालों की सूची उपलब्ध है, जिन सभी को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अधिकांश मामलों में लाइसेंस आत्मसमर्पण किए जा चुके हैं, जबकि शेष मामलों में कार्रवाई जारी है।



