चमोली: फूलों की घाटी रेंज में लगी आग, वायु सेना का हैलीकॉप्टर करेगा राहत और बचाव में मदद

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में फूलों की घाटी रेंज में इन दिनों आग लगने से पारिस्थितिकी पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब भारतीय वायु सेना का एक हेलिकॉप्टर भी राहत और सर्वेक्षण कार्यों में सहयोग कर रहा है।

वायु सेना का हेलीकॉप्टर करेगा फूलों की घाटी में आग बुझाने में मदद

ये हेलिकॉप्टर ज्योतिर्मठ में तैनात है और पिछले दो–तीन दिनों से भारतीय सेना के साथ समन्वय बनाकर आग से प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है। अब तक पूरे प्रभावित इलाके का हवाई सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। जिससे आग की स्थिति और फैलाव का सटीक आकलन किया जा सके।

फिलहाल आग बुझाने के लिए हेलिकॉप्टर से बाम्बी बकेट के माध्यम से पानी नहीं डाला गया है। अधिकारियों का कहना है कि परिस्थितियों और जरूरत के मुताबिक आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। हवाई सर्वेक्षण से मिली जानकारी के आधार पर रणनीति बनाई जा रही है, जिससे आग पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सके और वन संपदा को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक ने भ्रामक फोटो न डालने की अपील की

वन क्षेत्राधिकारी चेतना कंडपाल ने इस विषय में वायु सेना के विंग कमांडर दीपक रहेजा से विस्तृत चर्चा की। दोनों के बीच आग की स्थिति, राहत कार्यों और संभावित कदमों को लेकर बातचीत हुई। इसके अलावा, नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक आकाश वर्मा ने भी फोन पर विंग कमांडर से संपर्क कर आवश्यक समन्वय पर बात की।

इसके आलावा निदेशक आकाश वर्मा ने केंद्रीय कमान से एक आग्रह भी किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बाम्बी बकेट से जुड़े पुराने फोटो हटाने की मांग की, ताकि वर्तमान स्थिति को लेकर किसी तरह का भ्रम न फैले। अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य पूरी तरह से ज़मीनी हालात के मुताबिक किए जा रहे हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here